हरदोई। आश्वासन के बाद भी शासन में लंबित 13 प्रमुख मांगों पर प्रभावी कार्रवाई न होने से नाराज लेखपालों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया। तहसीलों मेें धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
हरदोई सदर तहसील में आयोजित धरने में तहसील सदर उपशाखा के अध्यक्ष ऐश्वर्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि वेतन भत्ते, प्रमोशन, एसीपी व पेंशन विसंगति समेत नियमावली से जुड़ी कई प्रमुख मांगें सालों से शासन स्तर पर लंबित हैं। वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने मांगों पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया था। 2018 में वार्ता के बाद प्रमुख सचिव ने एक माह में कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे लेखपालों में गहरी नाराजगी है। अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा और जल्द मांगों के संबंध में शासनादेश निर्गत किए जाने की मांग की है। यहां मंत्री श्रीपाल समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
संडीला प्रतिनिधि के अनुसार तहसील परिसर में लेखपाल संघ की संडीला इकाई बैनर तले आयोजित धरना प्रदर्शन में लेखपालों ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई। लेखपालों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शासन स्तर पर लंबित मांगों पर शासनादेश जारी किए जाने की मांग की। लेखपाल संघ के अध्यक्ष सत्यपाल व मंत्री सुशील गुप्ता ने कहा कि एसीपी विसंगति दूर किए जाने, वेतन उच्चीकरण, प्रोन्नति कॉडर, पेंशन विसंगति व भत्तों समेत अन्य विषयों से संबंधित संघ की सभी मांगें जायज हैं। सरकार को इन पर जल्द निर्णय लेना चाहिए।