पचदेवरा। ग्रामीणों को गांव में ही प्राथमिक उपचार दिलाने के उद्देश्य से बनाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुद बीमार हो चुके हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के भवन जर्जर हो चुके हैं और कई वर्ष से यहां कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं आया। गांव के लोगों ने भी इन मंदिरों में राहत की उम्मीद छोड़ दी है। यही वजह है कि अब कोई ग्रामीण भी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नहीं जाता।
केस-1
खंडहर हो गई इमारत, कोई नहीं आता यहां
खेरिया में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण वर्ष 2017 में कराया गया था। तब इसका नाम स्वाथ्य उपकेंद्र था। कुछ साल बाद इसका नाम बदला गया, लेकिन व्यवस्थाओं में कोई बदलाव नहीं आया। जर्जर भवन में सीएचओ से लेकर एएनएम तक कभी आते नहीं। दीवारों पर जागरुक करने वाले नारे तो लिखे हैं, लेकिन इन्हें पढ़ने और समझने के लिए अब यहां का रुख कोई करता ही नहीं। शुरूआत में कुछ लोग यहां आते थे, लेकिन जब इलाज नहीं मिला तो आना बंद कर दिया। खेरिया के पूर्व प्रधान नन्हें सिंह बताते हैं कि यहां इमारत पर आरोग्य मंदिर लिखा है, लेकिन अंदर कुछ नहीं है। इसी गांव के अंकित मिश्रा का कहना है कि लंबे समय से कोई स्वास्थ्य कर्मी इस आरोग्य मंदिर पर नहीं देखा।
केस-2
पचदेवरा में दरवाजे तक टूटे, मजबूरी में झोलाछाप से इलाज
पचदेवरा में भी आयुष्मान आरोग्य मंदिर है। यहां के कक्ष के दरवाजे टूट चुके हैं। परिसर में सन्नाटा पसरा रहता है। पचदेवरा के अनुपम त्रिपाठी बताते है कि रात में अगर कोई बीमार हो जाए तो गांव में प्राथमिक इलाज भी नहीं मिलता। मजबूरी में झोलाछाप के पास जाना पड़ता है। पचदेवरा के ही दीपक सिंह बताते हैं कि सीएमओ ऑफिस में कई बार शिकायत भी की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब तो इमारत भी खंडहर हो चुकी है।
पचदेवरा उपकेंद्र पर स्टाफ तैनात करने की प्रक्रिया चल रही है। जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए भी एस्टीमेट तैयार किया गया है। सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर नियमित रूप से खोले जाने के निर्देश हैं। दोनों मामलों के बारे में विस्तृत जांच कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। -डाॅ. आनंद शुक्ला, अधीक्षक पाली
कि