सवायजपुर। तहसील में शनिवार को जिला संयुक्त बार एसोसिएशन की मासिक बैठक हुई। बैठक में अधिवक्ताओं की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने सरकार से लंबित मांगों को पूरा करने और वकीलों के हितों के खिलाफ बनाए गए नियमों को समाप्त करने की मांग की।
बैठक में जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शाहाबाद तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमलेश लोधी ने कहा कि वकीलों के हितों की लड़ाई में वह पीछे नहीं हटेंगे। सरकार से अधिवक्ताओं के लिए लंबित कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने और अधिवक्ताओं के खिलाफ बनाए गए नियमों को समाप्त करने की मांग की। कहा कि मांगों को लेकर अधिवक्ता आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता सुरक्षा कानून तत्काल लागू किया जाना चाहिए।
एसोसिएशन के मंत्री नागेंद्र मिश्रा ने भी अधिवक्ताओं के हितों से जुड़ी मांगों को जल्द पूरा कराने की बात कही। बैठक को बलराम दीक्षित, नागेंद्र मिश्रा, संरक्षक रिजवान उल्ला आदि ने संबोधित किया। इस दौरान अधिवक्ता संघ सवायजपुर के अध्यक्ष राज प्रकाश सिंह, मंत्री देवेश वाजपेई, सज्जाद हुसैन, वसीम खान, धीरेंद्र मिश्रा, सुदामा प्रसाद सक्सेना, शैलेंद्र सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।