मल्लावां। करीब 23 दिनों से लापता किसान का शव गांव के बाहर सरसों के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण पता चल सकेगा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी किसान संतराम (48) बीती 3 जनवरी को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। तब से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। बुधवार को उसका शव गांव निवासी नरेंद्र के सरसों के खेत में पड़े होने की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक किसान के बेटे योगेंद्र ने बताया कि पिता का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।
वह अक्सर बिना बताए चले जाते और फिर वापस भी आ जाते थे। मृतक के चार बेटे व एक बेटी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल सुनील सिंह का कहना है कि फिलहाल कोई आरोप की बात सामने नहीं आई है।