- जिले में नए सर्किल रेट हो गए हैं प्रभावी, प्रशासन ने यूपीडा से भूमि अधिग्रहण के संबंध में मांगे दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिले में सर्किल रेट का निर्धारण करते हुए नए सर्किल रेट प्रभावी हो गए हैं। जिससे अब गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा के लिए बची भूमि का अधिग्रहण नवीन सर्किल रेट पर होना है। जिससे किसानों को लाभ मिलना तय है।
गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे तहसील सवायजपुर के सेमरझाला, कौशिया, सरसई और दिविनियापुर सरसई गांव में औद्योगिक गलियारा विकसित कराया जा रहा है। एक्सप्रेसवे बनने के साथ ही औद्योगिक इकाईयों की स्थापना कराते हुए सेमरझाला के पास औद्योगिक हब की स्थापना कराई जा रही है।
वहां पर उद्यमियों को कच्चा माल लाने और तैयार माल की आपूर्ति के लिए यातायात के साधनों में आसानी रहेगी। शासन ने सेमरझाला गांव के पास औद्योगिक गलियारा की स्थापना के लिए करीब 113.9624 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत किए जाने की व्यवस्था दी। जिसमें से करीब 22 किसानों से 2.4754 हेक्टेयर भूमि की खरीद होना बाकी है। इस भूमि को नवीन सर्किल रेट पर अधिग्रहण और बैनामा कराए जाने के लिए प्रशासन ने यूपीडा से दिशा-निर्देश मांगे हैं।
कोट
988 किसानों से भूमि का कराया जा चुका बैनामा
औद्योगिक गलियारा की स्थापना के लिए अब तक 988 किसानाें से भूमि का बैनामा कराया जा चुका है। भूमि की खरीदारी पर करीब 79,71,44,878 रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। सरकारी भूमि का पुनर्गृहण कराया जा रहा है। किसानों की बची भूमि का बैनामा और अधिग्रहण नवीन सर्किल रेट पर किए जाने के लिए यूपीडा के अधिकारियों को पत्र भेजकर दिशा-निर्देश मांगे गए हैं। जल्द ही बची भूमि का भी बैनामा करा लिया जाएगा।-मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी
इन गांवों से ली जा रही है भूमि
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे सेमरझाला गांव के पास औद्योगिक गलियारा बनाए जाने के लिए तहसील सवायजपुर के कौशिया, सरसई, दिवनियापुर सरसई और समेरझाला गांव से करीब 135.6556 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट एसके त्रिवेदी ने बताया कि कौशिया गांव से 35.0756, सरसई से 10.6040, दिवनियापुर सरसई से 30.5510 और सेमरझाला गांव से 59.4250 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जानी है। इन गांवों से अभी तक 116.4378 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है।