हरदोई में मंगलवार रात फांसी लगाकर जान देने की कोशिश करने वाली महिला की बुधवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरिपलापुर निवासी सौरभ अपनी पत्नी रुचि दुबे (28) व दो बच्चों पांच वर्षीय अंश व ढाई वर्षीय तनु के साथ दिल्ली में रहते हैं। वहां सौरभ एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। होली पर सौरभ अपने परिवार के साथ गांव आया था और तब से यहीं रुका था। मंगलवार देर रात सौरभ व उसके परिजनों ने रुचि को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था।
हरपालपुर कोतवाली के उप निरीक्षक जितेंद्र तोमर ने बताया कि महिला ने मंगलवार रात फांसी लगाई थी, लेकिन परिजनों ने देख लिया था और अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में बुधवार रात महिला की मौत हो गई। सूचना पर कन्नौज जिले के ग्राम मितौली निवासी पिता चंद्र प्रकाश शुक्ला व अन्य परिजन गुरुवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के जेठ, जेठानी, सास, ननद और नंदोई पर दहेज के लिए मारपीट करने और जान से मारने का आरोप लगाया। रुचि का विवाह छह वर्ष पूर्व सौरभ के साथ हुआ था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में फेफड़ों में पानी और पस भर जाने के कारण मौत हो जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा सीने और चेहरे पर पुरानी चोट के दो निशान भी मिले हैं। हरपालपुर कोतवाल भगवान शरण वर्मा ने बताया कि घटना को लेकर अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पतहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।