सांडी (हरदोई) शाहाबाद स्थित मायके से भाई व एक साल के बच्चे को साथ लेकर उन्नाव स्थित ससुराल जा रही महिला रास्ते में बाइक से गिर पड़ी। गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका बच्चा झाड़ियों में गिरने से बाल-बाल बच गया।
उन्नाव के ग्राम कौरापुर निवासी रुचि (45) पत्नी मदन कुछ दिन पूर्व एक साल के बेटे के साथ शाहाबाद के हुल्लापुर स्थित मायके आई थी। शुक्रवार को वह भाई अजय व दुधमुंहे बेटे के साथ बाइक से ससुराल वापस जा रही थी। सांडी बिलग्राम के बीच कटरा बिल्हौर मार्ग पर बाइक में पीछे बंधा बैग खुलने से बाइक अनियंत्रित हो गई।
रुचि सड़क पर जा गिरी जबकि उसका बेटा झाड़ियों में जा गिरा। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने पर रुचि गंभीर रूप से घायल हो गई, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका बेटा बाल-बाल बच गया। अजय से घटना की जानकारी मिलने पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।