शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बारिपुर गांव में भांजी की शादी में शामिल होने आए मजदूर का शव बुधवार सुबह ऐगवां स्टेशन के पास शराब के ठेके के बाहर तख्त पर पड़ा मिला। उसके सिर मेें चोट का गहरा घाव था। परिजनों ने रुपये छीनने के बाद हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। पुुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सुमई वसोहा निवासी रविंद्र (38) पुत्र मथुरी प्रसाद दिल्ली में मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी मीना और चार बेटे हैं। कुछ दिन पूर्व वह दिल्ली से गांव आया था। शाहाबाद के बारिपुर गांव निवासी भांजी की शादी में शामिल होने रविंद्र परिवार के साथ आया था। परिजनों के मुताबिक रविंद्र 50 हजार रुपये लेकर बारिपुर गया था।
बुधवार सुबह बारिपुर से दो किलोमीटर दूर ऐगवां स्टेशन के पास शराब ठेके के बाहर तख्त पर संदिग्ध हालात में उसका शव पड़ा मिला था। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। परिजनों ने करीबी पर शराब पिलाकर हत्या कर नगदी छीनने की आशंका व्यक्त की है। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के बायीं तरफ गहरा घाव मिला है। प्रभारी कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि गिरने से मौत होने की आशंका है। कहा कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।