हरदोई में हादसे मृत रोहित की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर मंगलवार देर रात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया।
लखीमपुर जनपद के पसिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्रमनगर निवासी रोहित (20) पुत्र अशोक बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था। पढ़ाई के साथ ही वह लखनऊ में शटरिंग का काम करता था। मंगलवार शाम वह बाइक से लखनऊ जा रहा था। साथ में गांव निवासी उसका दोस्त रामू (22) पुत्र द्वारिका प्रसाद भी था। परिजनों के अनुसार रात में रास्ता भटकने से दोनों हरदोई की तरफ आ गए। रास्ते में देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई-लखनऊ मार्ग पर खेतुई गांव के पास वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चलाते समय हेलमेट न लगाए होने से रोहित के सिर में चोटें आईं। राहागीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। घायल रामू ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह परिजनों के आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि वाहन का पता नहीं चल सका है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।