सांडी। थाना क्षेत्र के बरौली गांव में गर्रा नदी के पुल से बुधवार दोपहर युवक ने नदी में छलांग लगा दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। शराब पीने के लिए मां के रुपये न देने पर गुस्से में युवक के नदी में कूदने की बात प्राथमिक जांच में सामने आई है।
जलपीपुर निवासी विमलेश (26) गुजरात में निजी फैक्टरी में काम करते थे। भाभी लक्ष्मी ने बताया कि दो माह पहले विमलेश गांव आ गया था। बुधवार काे विमलेश ने मां रामदेवी से शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। नाराजगी जताते हुए रामदेवी ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद गुस्से में विमलेश घर से चला गया। लगभग तीन किलोमीटर दूर बरौली में नदी के पुल से गर्रा नदी में छलांग लगा दी। आसपास के ग्रामीणों ने उसे नदी में कूदते देखा तो परिजन और पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है। फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है।