हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र में खेरवा के पास मजदूर अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की दोपहर हुई घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग निकला।
बाघाडांडा निवासी कुलदीप (28) संडीला कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लाईवुड फैक्टरी में मजदूरी करते थे। पिता कांशीराम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बेनीगंज निवासी पंकज गुप्ता का ट्रैक्टर फैक्टरी की लकड़ी लादकर गया था। घर आने के लिए कुलदीप इसी ट्रैक्टर पर सवार हो गया था। बताया कि कछौना कोतवाली क्षेत्र के खेरवा के पास कुलदीप ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। ट्रैक्टर और ट्राॅली के पहियों से कुचलकर उसकी मौत हो गई। कुलदीप के परिवार में पत्नी सुमन और एक बेटी रितिका है। कछौना के थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।