फोटो-17- 12 मार्च के अंक में प्रकाशित खबर।
हरपालपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निशुल्क जांच के नाम पर मरीजों से अवैध वसूली का मामला अब तूल पकड़ चुका है।
अमर उजाला के बृहस्पतिवार के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएचसी अधीक्षक ने आरोपी लैब टेक्नीशियन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीते दिनों सीएचसी परिसर स्थित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की लैब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लगभग एक मिनट के इस वीडियो में कोई अन्य व्यक्ति कथित तौर पर मरीजों से निशुल्क होने वाली जांचों के बदले रुपयों की मांग करते और लेते हुए दिखाई दे रहा है। सरकारी लैब में खुलेआम हो रही इस वसूली से स्वास्थ्य विभाग की छवि पर सवालिया निशान लग रहे थे। इसी मामले में बृहस्पतिवार को
अमर उजाला ने ‘सीएचसी पर जांच के लिए वसूले जा रहे रुपये’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद पांडेय ने तत्काल प्रभाव से लैब टेक्नीशियन नीतीश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। अधीक्षक ने कहा कि यदि जवाब संतोषजनक न हुआ तो कर्मचारी के विरुद्ध निलंबन समेत अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी।