ग्रामीणों के संग धरने पर बैठे कांग्रेस नगर अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड अहिरोरी के गांव पिपोना के निवासी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कोटेदार के खिलाफ धरना देकर बैठ गए। कोटेदार पर राशन न वितरित करने की शिकायत पहले भी दो बार करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों ने कोटेदार के जातिसूचक गालियां दिए जाने की शिकायत की। इन्हाेंने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र नगर मजिस्ट्रेट को दिया।
ग्राम पंचायत पिपोना के निवासियों ने चार माह से राशन न मिलने पर कोटेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इन्होंने कलेक्ट्रेट में धरना देकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के कोटेदार मुन्ना सिंह ने कार्ड धारकों को राशन का वितरण नहीं किया। खाद्यान्न की कालाबाजारी कर दी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 16 जून को कार्डों का सत्यापन कराया गया तो गरीब पात्र लोगाें को गाली गलौज करके भगा दिया। कोटेदार और उनके भाई ने जाति सूचक गालियां देकर अपमानित किया।
गांव के लोगाें ने 17 जून और 19 जून को इस बाबत कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया। नगर मजिस्ट्रेट ने आपूर्ति निरीक्षक व तहसीलदार सदर को जांच करने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अभी तक न तो उन्होंने कोई जांच की और न ही कार्रवाई की गई। ग्रामीणों के संग बैठे कांग्रेस के नगर अध्यक्ष शशि भूषण शुक्ला ने कहा कि ग्रामीणों के कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कार्रवाई न किया जाना उचित नहीं है। नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन से उन्होंने कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर राजेंद्र प्रसाद, जगदीश, योगेंद्र कुमार वर्मा, शंकर लाल, नत्थूलाल, रोहित कुमार, बाबूराम व कल्पना वर्मा मौजूद रहीं।