कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन देने आए व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी व व्यापारी।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जनपद में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को लेकर समाज का हर वर्ग चिंतित है। व्यापारियों ने कारोबार के नुकसान को स्वीकार करते हुए जिले में लॉकडाउन लगाने की मांग की है। इस बाबत गुरुवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कलक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष विमलेश दीक्षित ने कहा कि संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। व्यापारी समाज व्यापार बंद रखकर प्रशासन के साथ कोरोना की जंग में सहयोग करना चाहता है। निरंतर बढ़ रही संख्या चिंताजनक हैं। व्यापार मंडल पदाधिकारियों की सहमति से शहर में एक सप्ताह शनिवार से रविवार तक लॉकडाउन चाहता है।
ज्ञापन देने वालों में अखिल भारतीय व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौर, जिला महामंत्री अशोक उपाध्याय, राजन द्विवेदी, भरत पांडेय, विभू गुप्ता, कैलाश गुप्ता, सुमित अग्निहोत्री, अवनीश त्रिवेदी, कंचन मिश्रा, रजनीश गुप्ता आदि शामिल रहे।