हरदोई। 11 जून को बीएसए कार्यालय आई बा शिक्षिका के आगरा में संक्रमित मिलने के बाद से कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को बीएसए कार्यालय के अधिकारियों व कर्मियों का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। वहीं संडीला बा स्कूल के पार्ट टाइम शिक्षक-शिक्षिकाओं को होम क्वारंटीन के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बीएसए हेमंत राव ने बताया कि 11 जून को बा शिक्षिका जिले के बीएसए कार्यालय में अभिलेखों का सत्यापन कराने आई थी। जिसके बाद वह लौट गई। आगरा में टेस्ट कराने के बाद वह पॉजीटिव निकली। जिसकी सूचना के बाद जिले के विभागीय कार्यालय को सैनिटाइज कराया गया है। संडीला बा स्कूल में वह आठ जून को रुकी थी। इसलिए वहां की फुल टाइम शिक्षिकाओं को स्कूल में ही रहने और पार्ट टाइम शिक्षिका को घर में क्वारंटीन के निर्देश जारी किए हैं। जो शिक्षक-शिक्षिकाएं 11 जून को कार्यालय आईं थीं, उनके लिए बीएसए आफिस की सीसीटीवी फुटेज को देखा जाएगा।
फर्जी शिक्षकों को लेकर मांगी गई सूचना
बीएसए हेमंत राव ने बताया कि फर्जी शिक्षकों को लेकर सूचना एक बार फिर शासन द्वारा मांगी गई है। बताया कि आगरा विश्वविद्यालय से बीएड के प्रपत्र लगाकर 16 शिक्षक जिले में चिह्नित किए गए थे। उन पर कार्रवाई की जा चुकी है। रिपोर्ट पूर्व में प्रेषित की जा चुकी है।