हरदोई। मंगलवार को जिले में पांच और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें पूर्व में संक्रमित मिली महिला की बेटी भी शामिल है। इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमित 124 हो गए हैं। इनमें 43 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 81 हैं। इसके साथ ही एक राहत भरी खबर भी है। पूर्व में संक्रमित मिले पांच लोग स्वस्थ होने के बाद घर भेज दिए गए हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरसिंगपुर निवासी जीआरपी जवान बीते दिनों कोरोना पॉजिटिव मिला था। उसके संपर्क में आए गांव के 31 लोगों को बावन चुंगी के निकट स्थित एक सेंटर पर क्वारंटीन किया गया था। इसमें जीआरपी जवान का 38 वर्षीय फुफेरा भाई भी शामिल है। उसका नमूना कोरोना की जांच के लिए भेजा गया था। मंगलवार को आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिला है। गत शुक्रवार को आई रिपोर्ट में टड़ियावां विकास खंड के ग्राम पेड़ा निवासी महिला और उसकी 15 वर्षीय पुत्री कोरोना पॉजिटिव मिले थे। महिला अपने पति और दो पुत्रियों के साथ नोएडा से वापस आई थी और राजकीय कृषि महाविद्यालय में क्वारंटीन थी। अब उसकी आठ वर्षीय दूसरी पुत्री भी संक्रमित मिली है। वहीं पिहानी विकास खंड के ग्राम कायमपुर निवासी 36 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला है। युवक दिल्ली के अल्लीपुर इलाके में एक कंपनी में कीटनाशक के छिड़काव का कार्य करता था। पांच जून की रात रोडवेज बस से हरदोई आया था और छह को पिहानी के जीजीआईसी में बने सेंटर में क्वारंटीन किया गया था। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैथापुरवा निवासी 14 वर्षीय किशोर भी पॉजिटिव मिला है। वह भी दिल्ली के नगलोई इलाके से बड़े भाइयों के साथ पांच जून की रात रोडवेज बस से जंगबहादुरगंज आया था और फिर जीजीआईसी पिहानी में क्वारंटीन कर दिया गया था। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के महमूदनगर निवासी 44 साल का व्यक्ति ट्रेन से 7 जून को पंचकुला से आया था। वह भी संक्रमित मिला है। उसके परिवार के आठ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
फोटो 25- बरौना में थर्मल स्क्रीनिंग करती टीम। संवाद
बरौना में 3040 ग्रामीणों की हुई स्क्रीनिंग
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरौना में 604 मकानों में रहने वाले 3040 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग मंगलवार को की गई। आठ टीमों के साथ सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा मौजूद रहे। बरौना निवासी एक परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से एक व्यक्ति एक दिन के लिए गांव भी आया था।