फोटो-6-लखनऊ चुंगी पर लगे जाम में फंसे दोपहिया व चौपहिया वाहन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। लॉकडाउन के दौरान पसरे रहे सन्नाटे के बाद अब धीरे-धीरे सब कुछ पटरी पर लौटने लगा है और इसके साथ ही जाम की समस्या भी लौटकर आ गई है। मंगलवार को पूरे शहर में साप्ताहिक बंदी के बावजूद लखनऊ चुंगी के निकट काफी देर तक जाम लगा रहा। कृषि उपकरण लेकर जा रहे एक कंटेनर के बेतरतीब ढंग से खड़े होने के कारण समस्या हुई। इसका पता चलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने कंटेनर हटवा दिया। करीब आधे घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
पहली बार मंगलवार को ऐसा हुआ है जब पूरे शहर में एक साथ बंदी हुई। ऐसे में शहर के अधिकांश मार्गों और बाजारों में भीड़ नहीं हुई, लेकिन लखनऊ चुंगी के आसपास जाम की समस्या रही। दरअसल लखनऊ चुंगी के निकट ही गल्ला मंडी भी है और मंडी आने-जाने वाले ट्रैक्टर चालक वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़े कर देते हैं। इसके कारण जाम की समस्या हो जाती है। मंगलवार को कृषि उपकरण लेकर जा रहे कंटेनर के चालक ने बीच सड़क कंटेनर खड़ा कर दिया, इसके कारण जाम लगा। सूचना पर लखनऊ चुंगी चौकी प्रभारी राहुल सिंह सिसौदिया मौके पर पहुंचे और कंटेनर के चालक को ढूंढकर वाहन हटवाया। इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।