पिहानी। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम अयारी में रिटायर्ड फौजी ने नशे में शुक्रवार रात खेत में पानी लगाकर लौट रहे किसान को तमंचे से गोली मार दी। किसान की हालत गंभीर है। घायल किसान के पिता ने रिटायर्ड फौजी के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम अयारी निवासी किसान रामकिशुन (25) पुत्र छेदालाल शुक्रवार रात खेत में फसल में पानी लगाकर घर वापस जा रहा था। रास्ते में गांव के बाहर ही रिटायर्ड फौजी रंजीत सिंह पुत्र सज्जन सिंह ने नशे में उसे रोक लिया। गाली गलौज करने के बाद रंजीत ने तमंचे से रामकिशुन पर फायर कर दिया। गोली पेट में लगने से रामकिशुन गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। रामकिशुन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के पिता छेदालाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मझिला थानाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी को तलाश कर रही है।