हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सांडी चुंगी के निकट सूखे पड़े रजबहे के पास किसान का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक के पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में गला कसकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तत्योरा निवासी श्यामू सिंह (46) पुत्र दीपू सिंह सोमवार शाम घर से निकला था लेकिन रात में नहीं लौटा। मंगलवार सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की तो कुछ लोगों ने श्यामू का शव सूखे रजबहे के निकट पड़े होने की जानकारी दी। पुत्र जितेंद्र ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी विजय कुमार राना, शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने घटनास्थल का जायजा लेकर परिजनों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए। शहर कोतवाली शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि श्यामू सिंह शराब पीने का लती था और कई बार रात में घर नहीं लौटता था। मृतक के पुत्र ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है, लेकिन किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और तहरीर भी नहीं दी है।