जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे नगर अध्यक्ष वसीम अहमद और नारेबाजी करते नरेश अग्रवाल के समर्थक।
- फोटो : amarujala
हरदोई। लखनऊ में चल रही सपा की लड़ाई का असर सोमवार को जिले में भी दिखा। राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल के समर्थकों ने पार्टी कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया और पोस्टर भी फाड़ दिया। पोस्टर में शिवपाल यादव, प्रदेश सचिव राजेश यादव और जिलाध्यक्ष रामू कश्यप के अलावा सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की भी तस्वीरें छपी थीं।
राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल के समर्थक सपा नगर अध्यक्ष वसीम अहमद सिद्दकी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव संजय कश्यप, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष आदर्श दीपक, हरदोई देहात प्रधान के पति अख्तर गाजी, जिला उपाध्यक्ष अमित वाजपेयी, उपेंद्र दिवाकर, हबीब लिट्टे और प्रेम प्रकाश गुप्ता सहित करीब 50 लोग दोपहर करीब 11.15 बजे पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे।
इन लोगों ने नरेश अग्रवाल जिंदाबाद के नारे लगाए और कार्यालय के शटर में ताले तोड़कर अंदर घुस गए। इस दौरान नगर अध्यक्ष वसीम अहमद सिद्दिकी जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठ गए और अन्य सपाइयों ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ देर बाद कार्यकर्ता बाहर निकले और दो होर्डिंग फाड़ डाली। होर्डिंग पर शिवपाल सिंह यादव के अलावा प्रदेश सचिव राजेश यादव और जिलाध्यक्ष रामू कश्यप की बड़ी तस्वीरें छपीं थीं। ऊपर के हिस्से में एक तरफ मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीरें भी थीं। जिलाध्यक्ष रामू कश्यप ने जिला कार्यालय में हुए उपद्रव की शिकायत वरिष्ठ नेताओं से की है।