जमीन खरीदारी को लेकर चार लाख रुपये के लेनदेन की
रंजिश को लेकर हत्या के मामले मेें नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से
नाराज परिजनाें ने थाने पहुंच कर हंगामा किया और अभियुक्तों की जल्द
गिरफ्तारी की मांग की।
शुक्रवार को तकरीबन दो दर्जन लोगों के साथ थाने
पहुंची मृतक की पत्नी सुनीता, मां कलावती ने घटना के चार दिन गुजरने के बाद
भी नामजद आरोपियोें की गिरफ्तारी न होने पर रोष जताते हुए पुलिस से महेश
के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों ने गिरफ्तारी मेें
लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि शीघ्र आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो
वह मजबूरन बड़े अफसरों के यहां तक जाएंगे। मौके पर मौजूद एसआई राजन
श्रीवास्तव ने परिजनों को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की दो
टीमें सक्रिय हैं। शाहजहांपुर से लेकर दिल्ली तक दबिश का क्रम जारी है।
उन्होंने
यकीन दिलाया कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। ज्ञात हो कि 30 अगस्त
को सर्राफा व्यापारी महेश उर्फ गुड्डू निवासी मोहल्ला अंबेडकरनगर को दुकान
से बुलाकर ग्राम गदनापुर के पास बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया था।
इस मामले में मृतक की पत्नी सुनीता ने महेश के बहनोई धर्मेंद्र उर्फ धाकड़
उसके भाई जितेंद्र उर्फ जंडैल निवासीगण शाहजहांपुर हाल पता दिल्ली समेत छह
लोगों के विरुद्ध रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई
थी।