कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका पर जिला प्रशासन प्रभावी इंतजाम करने को सक्रिय है। डीएम अविनाश कुमार ने सोमवार शाम व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, उपजिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने सभी स्थानों पर कोरोना हेल्पडेस्क सक्रिय रखने के निर्देश दिए। दिल्ली से आने वाले यात्रियों का पूरा ब्योरा भी तैयार करने को कहा।
कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम अविनाश कुमार ने व्यापारी नेताओं सुरेंद्र सिंह गौर और विमलेश दीक्षित से कहा कि सभी दुकानदारों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक करें।
बिना मास्क के दुकान आने वाले ग्राहकों को कोई चीज न बेचें। दुकानों के बाहर दो मीटर की दूरी पर गोले बनवाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। दुकानों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था ररें।
आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. जेके वर्मा से डीएम ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। डीएम ने रोडवेज और रेलवे के जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि दिल्ली से आने वाले यात्रियों का नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज कर इसकी सूची हर रोज एडीएम को सौंपें।
स्वास्थ्य विभाग इन सभी पर निगरानी समितियों के मध्यम से निगाह रखेगा। बैठक में एडीएम संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव आदि मौजूद रहे।