सड़क हादसे मेें घायल वृद्ध की मौत के बावजूद पुलिस
ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे खफा परिजन और ग्रामीणों ने शव
हरदोई-लखनऊ रोड पर रख जाम लगा दिया। जानकारी पर कोतवाली पुलिस और एसडीएम
मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब पौने दो घंटे बाद जाम
खुलवाया।
इस दौरान उमस भरी गर्मी में जाम में फंसे वाहनों में सवार लोग
बिलबिला गए। कोतवाली क्षेत्र के बेगमगंज गांव निवासी भोला (58) को बीते
गुरुवार कोे एक बेकाबू कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। हालत गंभीर
होने पर चिकित्सक ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। परिजनों ने घटना की
तहरीर थाना पुलिस को दी।
आरोप है कि थाने के एक मुंशी ने उसकी रिपोर्ट
दर्ज नहीं की। उधर, बुधवार को भोला की उपचार दौरान मौत हो गई। परिजन
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को उसका शव गांव लाए और मौत की सूचना थाना
पुलिस को दी। इसके बावजूद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इससे गुस्साएं
परिजन व ग्रामीण अपराह्न साढ़े तीन बजे उसका शव लेकर हरदोई-लखनऊ रोड स्थित
बेगमगंज के सामने हाईवे पर आ गए और जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों
ओर से आने जाने वालों का आवागमन बंद हो गया। जाम की सूचना पर एसडीएम
एपी सिंह, तहसीलदार एसएन त्रिपाठी, कोतवाल डीपी सिंह मौके पर पहुंचे और
लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि जब तक
रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, तब तक वह जाम नहीं खोलेंगे।
उन्होंने रिपोर्ट दर्ज
न करने वाले मुंशी को निलंबित करने व मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की
मांग की। एसडीएम ने उनकी मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया और तत्काल
रिपोर्ट दर्ज कराई। तब जाकर करीब सवा पांच बजे जाम खुल सका। इस दौरान सड़क
के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। रोडवेज बसों व वाहनों में बैठे
लोगों का उमस भरी गर्मी में पसीना छूट गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम को
खुलवा आवागमन बहाल करवाया।