हरदोई। मल्लावां मेहंदी घाट मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर हो गई। घटना में एक कांवड़िया समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में कांवड़िया समेत दो को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय एक की मौत हो गई।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बाबटमऊ निवासी शुभम सिंह (29) रविवार को मेहंदीघाट से कांवड़ लेकर बाइक से मल्लावां के सुनासीरनाथ मंदिर जा रहे थे। सांडी थाना क्षेत्र के भीखपुर निवासी प्रशांत तिवारी (23) अपनी फुफेरी बहन सांडी के नौशहरा निवासी काजल त्रिवेदी और मौसेरी बहन अनामिका (18) के साथ रविवार को गंगा स्नान करने मेहंदीघाट गए थे। गंगा स्नान कर तीनों एक ही बाइक से सुनासीरनाथ मंदिर जा रहे थे। मल्लावां-मेहंदीघाट मार्ग पर दीननगर के पास शुभम और प्रशांत की बाइक आपस में टकरा गई। घटना में शुभम समेत चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी मल्लावां भिजवाया।
यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद काजल और शुभम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही शुभम की हालत ज्यादा बिगड़ गई तो एंबुलेंस से उसे 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। शुभम छह बहनों के बीच अकेला भाई था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। मल्लावां कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। शुभम की मौत हो गई है।