फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवरिया की मौत पर गम और गुस्सा

Tue, 02 Aug 2016 11:22 PM IST
अमर उजाला ब्यूराो/हरदोई
विज्ञापन
तैनात पुलिस - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
हरदोई। निजी बस से कुचलकर कांवरिया की मौत के गम में बैठे साथियों का गुस्सा पुलिस के देर से आने से फूट पड़ा। घटनास्थल से 15 किलोमीटर के दायरे में दो थाने आते हैं। लेकिन हादसे की सूचना दिए जाने के लगभग पौन घंटे बाद तक पुलिस नहीं पहुंची। इसी से उग्र हुए कांवरियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रदर्शन और वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बवाल को शांत करने के लिए डीएम, एसपी समेत कई थानों की पुलिस को लगभग तीन घंटे मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद हालात को काबू में किया जा सका।
विज्ञापन


शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को हरदोई-बिलग्राम रोड पर कुतुबापुर के पास हुए बवाल के कई कारण रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग नौ बजे ट्रैक्टर-ट्राली धर्मकांटा के पास रुकी थी। इसके पंद्रह मिनट बाद दुकान पर सब्जी खरीदकर ट्रैक्टर-ट्राली की तरफ जा रहे अंदा इब्राहिमुपर निवासी कृष्णपाल (38) को हरदोई की तरफ से आई तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद नौ बजकर 30 मिनट पर कांवरियों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से सुरसा थाने की दूरी पांच किलोमीटर है, और शहर कोतवाली की दूरी 10 किलोमीटर। लेकिन हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र में हुआ था। इसके चलते सुरसा पुलिस ने थाने की सीमा का हवाला देते हुए कन्नी काट ली। लगभग पौन घंटे पुलिस के नहीं पहुंचने से कांवरिये उग्र हो गए।

इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने भी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हवा दे दी। इससे गुस्साए कांवरियों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दो ट्रालियों में सवार दर्जनों कांवरियों को प्रदर्शन करते देख कई ग्रामीण भी कांवरियों के साथ हो लिए। लगभग सवा दस बजे बिलग्राम की तरफ से आई मिनी बस, ट्रक और उसके पीछे आई रोडवेज बस को प्रदर्शन कर रहे लेागों ने रोककर निशाना बनाया। तकरीबन सवा दस बजे सुरसा पुलिस की जीप आती दिखाई दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारियों ने पथराव करते हुए खदेड़ दिया। हालात  बेकाबू देख सुरसा पुलिस ने आलाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद शहर कोतवाल विनय गौतम पहुंचे। इसके बाद डीएम विवेक वार्ष्णेय, एसपी उमेश कुमार सिंह व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस को लगभग तीन घंटे मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन


नौ नामजद और 150 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के कुतुबापुर में हुए हादसे में कांवरिये की मौत के बाद वाहनोें में तोड़फोड़ व बलवा के आरोप में पुलिस ने नौ नामजद, 150 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। बलवा, सरकारी संपत्ति समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
शहर कोतवाल विनय गौतम ने बताया नामजद किए गए नौ लोगों में से पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार फरार हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में मोहन लाल पुत्र मनीराम, राकेश पुत्र बद्री, रामसुफल पुत्र दरबारी लाल, सुभान पुत्र रामभजन, मुन्ना लाल पुत्र भभूती निवासी आंद्रा शामिल हैं। जबकि कल्लू पुत्र राजेंद्र निवासी कुतुबापुर, धीरज पुत्र छोटू, रोहित सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी भदैंचा तथा मवैया निवासी पिंकू पुत्र उमेश मिश्र निवासी मवैया फरार हैं। उन्होंने बताया कि फरार लोगों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होेंने बताया कि उपद्रव व तोड़फोड़ के मामले में 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।

खाई में घुसी मिनी बस
हरदोई। कांवरिये की मौत के बाद चालक बस को नियंत्रित नहीं रख सका। घटना स्थल से लगभग तीन किलोमीटर आगे प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हरदोई से बिलग्राम की तरफ जा रही प्राइवेट बस में बैठी लगभग दो दर्जन सवारियां बाल बाल बचीं। बस के रुकते ही चालक व परिचालक फरार हो गए। बाद में पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।

10 थानों की पहुंची पुलिस
हरदोई। हादसे के बाद उपद्रवियों के बवाल काटे जाने की सूचना पर एसपी उमेश कुमार सिंह, एएसपी पूर्वी बीसी दुबे, एएसपी पश्चिमी नित्यानंद राय, समेत शहर कोतवाली पुलिस, देहात कोतवाली पुलिस, बिलग्राम कोतवाली पुलिस, सुरसा थाना, हरियावां, टड़ियावां, बेहटा गोकुल, बघौली, कछौना व लोनार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें