हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटरा-बिल्हौर हाईवे पर ग्राम जिलगांव के निकट डीसीएम और प्राइवेट बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों चालकों समेत पांच लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में डीसीएम चालक की मौत हो गई।
कन्नौज जनपद के ग्राम रुदौली निवासी ज्ञानेंद्र (42) पुत्र रामपाल कानपुर की कार्बो कार्पोरेशन से केबल पाइप डीसीएम में लादकर बरेली जा रहा था। रविवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे बिल्हौर-कटरा हाईवे पर ग्राम जिलगांव के निकट फर्रुखाबाद की ओर से आ रही प्राइवेट डबल डेकर बस से डीसीएम भिड़ गई। हादसे में ज्ञानेंद्र, बस चालक शोएब (32) पुत्र जाहिद निवासी मेरठ, बस में सवार विष्णु (35) पुत्र मायाराम निवासी ग्राम बघराई थाना सांडी, सचिन (20) पुत्र राम औतार निवासी ग्राम भैंसरी थाना सांडी जनपद हरदोई, विमलेश (40) पुत्र शिवराम निवासी सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों घायलों को सीएचसी हरपालपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने ज्ञानेंद्र और शोएब की हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में ज्ञानेंद्र की सांसें थम गईं। शोएब की हालत गंभीर है। सीओ हरपालपुर ममता कुरील ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीएचसी में घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि बस में 14 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है।