हरदोई में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा है कि जनपद में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य पूरे कराए जाएं, हर हाल में हर पात्र को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी डीएम ने दिए।
विकास भवन स्थित स्वर्णजयंती सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम अविनाश कुमार ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में नाली, खड़ंजा, सीसीरोड, शौचालय, पंचायत भवन , खेल मैदान आदि के निर्माण तेजी से पूरे कराए जाएं। विभिन्न पेंशन योजनाओं के पात्रों को समय से पेंशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश कि हर व्यक्ति को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में डीएम ने कहा कि नियमित रूप से ग्रामीण इलाकों में सफाई कराई जाए। डीएम ने बैठक में सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अपने क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों का खुद निरीक्षण करें और किसी प्रकार की खामी मिलने पर उन्हें अवगत कराएं। बैठक में सीडीओ निधि गुप्ता वत्स, सीएमओ डॉ. सूर्यमणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।