विकास खंड बिलग्राम, सुरसा व सांडी से संबंधित
ग्रामों से जंगली गायों का प्रकोप कम कराने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट
में बैठे ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी न सिर्फ जारी रहा,
बल्कि कोई कार्रवाई अब तक न होने से खफा ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट कार्यालय
का घेराव कर नारेबाजी भी की। हालांकि, जिलाधिकारी द्वारा फिर भी कोई
आश्वासन न मिल सका।
इस दौरान कलक्ट्रेट परिसर के घेराव के दौरान
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान प्रगतिशील पार्टी अध्यक्ष राम
प्रकाश कठेरिया ने कहा कि विकास खंड बिलग्राम, सुरसा एवं सांडी के बीसों
गांवों में हजारों जंगली गायों का प्रकोप जारी है। इन गायों द्वारा न सिर्फ
फसलों को पूरी तरह से तबाह किया जा रहा है, बल्कि किसानों को भी गंभीर
चोटें पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी
अधिकारिक तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसान धरना और प्रदर्शन
करने को बाध्य हुए है। कहा कि धरना प्रदर्शन में भी कोई सुनवाई न होने
पर अब घेराव को विवश हुए हैं। ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी
की तथा जिलाधिकारी रमेश मिश्र से वार्ता का प्रयास किया, पर सफल नहीं हो
पाए।
किसानों ने यह भी कहा कि यदि अब जल्द इस ओर किसानों व उनकी फसलों को
जंगली गायों से निजात न दिलाई गई तो किसान अब आत्महत्या करने को विवश
होंगे। इस मौके पर दिनेश कुमार, सिरदार, हरीराम, रामसागर सिंह, बबलेश,
किशनाल, राजेश कुमार, सालिकराम, मंगली, गंगाभगत, निरंजन आदि ग्रामीण मौजूद
थे।