माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में संयुक्त शिक्षा
निदेशक के सचल दल को एक परीक्षार्थी नकल करते मिला। वहीं अन्य सचल दल
बैरंग लौट आए। वहीं डिग्री की परीक्षा में शहरी क्षेत्र के विद्यालयों के
परीक्षार्थियों के जहां पसीने छूट रहे, वहीं ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों के
परीक्षार्थियों की बल्ले बल्ले है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा
में शनिवार को इंटर की संस्कृत विषय की परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में
संयुक्त शिक्षा निदेशक के सचल दल ने जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
किया। निरीक्षण के दौरान द्रोणपाल सिंह इंटर कालेज मरेउरा में एक
परीक्षार्थी नकल करते मिला।
इधर, बीएसए डा. बृजेश मिश्र के सचल दल ने
हरियावां रोड़ के विद्यालयों को निरीक्षण किया, पर कोई भी परीक्षार्थी नकल
करते नहीं मिला। यही हाल अन्य सचल दलों, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर
मजिस्ट्रेट के दल का रहा। किसी को भी कोई भी परीक्षार्थी नकल करते नहीं
मिला।
इधर, डिग्री कालेजों की परीक्षा में शहरी क्षेत्र के महाविद्यालयाें
में सख्ती के कारण परीक्षार्थियों के पसीने छूट रहे हैं। वहीं ग्रामीण
क्षेत्र के डिग्री कालेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की बल्ले-बल्ले है।
वहां पर विद्यालय संचालक की सह पर मनमानी जारी है।
विवि के सचल दल भी सिर्फ
खानापूरी कर लौट जाते हैं। नोडल सेंटरों के अनुसार अभी तक जिले में कोई भी
परीक्षार्थी नकल करते नहीं मिला है। परीक्षाएं शांति पूर्वक चल रही है।