हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव जटपुरा में शनिवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। 45 हजार रुपये और लाखों के जेवर चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
ग्राम जटपुरा निवासी प्रमोद प्रकाश अग्निहोत्री गन्ना समिति में कर्मचारी हैं। वह परिवार सहित शहर में रहते हैं। गांव में स्थित उनका मकान बंद था। शनिवार रात घर में घुसे चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़ दिया। प्रमोद प्रकाश ने बताया कि चोर सोने की चार चूड़ी, एक जोड़ी झुमकी, छह अंगूठी, चेन और 25 हजार रुपये चुरा ले गए। उधर गांव के रामानंद मिश्रा के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। रामानंद मिश्रा खेती करते हैं। चोर मकान के पिछले हिस्से में सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े। कमरे में अलमारी और बक्से से सोने के झाले, अंगूठी, चांदी के कुछ जेवर और 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।