फोटो-11- चोरी के बाद खुली अलमारी दिखातीं लक्ष्मी तिवारी। संवाद
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के बरबटापुर और लेखईखेड़ा में चोरों ने बुधवार की रात दो घरों को निशाना बनाया। दोनों मकानों से चोर 2.50 लाख रुपये के आभूषण और 56 हजार रुपये ले गए।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम वृंदावन के मजरा बरबटापुर निवासी अनुज तिवारी खेती करते हैं। अनुज ने बताया कि बुधवार रात वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह पत्नी लक्ष्मी मवेशियों का चारा करने के लिए उठीं तो दो दरवाजे खुले मिले। कमरे में जाकर देखा तो कुुंंडी कटी हुई थी। अनुज के मुताबिक चोर अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र, पांच लॉकेट का माला, एक अंगूठी, चांदी की पायजेब, कमरपेटी, चार जोड़ी पायल, छह चांदी के सिक्के और कमर बिछुआ के साथ ही 45 हजार रुपये भी ले गए। उसकी बेटी आराधना की गुल्लक से भी चोर पांच रुपये चोरी कर ले गए।
चोरी की दूसरी घटना लेखईखेड़ा में हुई। यहां के राजेंद्र खेती करते हैं। बुधवार दोपहर वह रिश्तेदारी में गए थे। पत्नी और बच्चे मकान की छत पर सोए थे। दावा किया कि छत के रास्ते आए चोर कमरे में बक्से के अंदर रखे एक छोटे बक्से को उठा ले गए। इसमें सोने के पांच लॉकेट, माला, झाले और चांदी की पायल, हाथफूल रखे थे। यहां रखे 11 हजार रुपये भी ले गए। राजेंद्र की पत्नी का मोबाइल छत पर पड़ा मिला जबकि उसकी बैटरी किचन में पड़ी मिली। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि दोनों घटनाओं की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।