फोटो-16-यूं खाली पड़े मिले जेवरों के डिब्बे। संवाद
फोटो-17-घटना की जानकारी लेते संडीला कोतवाल विद्यासागर पाल। संवाद
संडीला कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर की घटना
बहू को देने के लिए जेवर निकालने गई सास तब पता चला कुछ बचा ही नहीं
संवाद समाचार एजेंसी
भरावन (हरदोई)। संडीला कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर में सेवानिवृत्त रेलकर्मी के मकान से 80 लाख के जेवर और नकदी चोरी हो गए। घटना का पता बृहस्पतिवार सुबह तब लगा जब रेलकर्मी की पत्नी सेफ से बहू के लिए जेवर निकालने गईं। रास्ते के विवाद में भतीजे पर ही घटना को अंजाम देने की आशंका भी रेलकर्मी ने जताई है।
फत्तेपुर निवासी रामेंद्र सिंह रेलवे में चीफ टिकट इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हैं। पत्नी गीता सिंह और बेटी अंशिका के साथ मकान में रहते हैं। बड़ा बेटा शिवेंद्र प्रताप सिंह मुरादाबाद में केनरा बैंक में प्रबंधक है। बताया कि शिवेंद्र को 20 अप्रैल को अपने साले के तिलक में शामिल होने बहराइच जाना था।
शिवेंद्र की पत्नी का मंगलसूत्र गांव स्थित मकान में सेफ में अन्य जेवरातों के साथ रखा था जबकि अन्य जेवर बैंक के लॉकर में थे। लॉकर से जेवर न निकल पाने पर बृहस्पतिवार की सुबह शिवेंद्र ने मां गीता से गांव में रखे जेवर देने के लिए कहा। इस पर बुधवार सुबह गीता ने अलमारी खोली तो उसमें रखी सोने की पचलरी, हार, कंठी, दो चेन, दो मंगलसूत्र, तीन नथ, आठ अंगूठी, झुमकी, दो बड़े कुंडल, 21 मोती की माला, चांदी की चार जोड़ी पाजेब, चार जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी हथफूल, पुरानी चांदी के बीस सिक्के, चांदी की चार प्लेट, चांदी की मछली, पान, नारियल और पांच सुपारी भी गायब मिली। एक लाख सात हजार रुपये के नए नोट भी गायब मिले। कोतवाल विद्यासागर पाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना अब तक की जांच में संदिग्ध लग रही है। भतीजे पर चोरी की आशंका भी जताई गई है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
इनसेट
10 दिन से खराब हैं सीसीटीवी कैमरे
रामेंद्र सिंह ने बताया कि उनके मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इस पर कोतवाल विद्यासागर पाल ने फुटेज दिखाने के लिए कहा तो रामेंद्र ने बताया कि पिछले 10 दिन से कैमरे खराब हैं। दावा किया कि कैमरे सही कराने के लिए मैकेनिक बुलाया था लेकिन वह आया नहीं। इस वजह से कैमरे में घटना कैद नहीं हो पाई।
इनसेट
चाबी जहां रखी थी वहीं मिली
गीता सिंह ने बताया कि वह लॉकर की चाबी सेफ के अंदर कपड़ों के नीचे रखती थीं। बृहस्पतिवार की सुबह जब वह लॉकर खोलने के लिए गई तो भी चाबी सेफ में कपड़ों के नीचे ही रखी मिली थी। ऐसे में यह भी आशंका मजबूत हो गई कि घटना को अंजाम देने वाले शख्स को एक-एक चीज की जानकारी थी। कैमरा खराब होने की बात भी घटना करने वाले व्यक्ति को पता थी।