संडीला। संडीला कोतवाली क्षेत्र के बेनीगंज मार्ग पर एक जेसीबी पकड़ना यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) के लिए मुसीबत बन गया। जेसीबी चालक ने प्रवर्तन दल में शामिल सिपाही से अभद्रता करते हुए हाथापाई की।
इसी बीच उसका दूसरा साथी अपनी जेसीबी लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने यात्री कर अधिकारी की तहरीर पर एक को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों से मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बीते बुधवार की रात लगभग आठ बजे यात्री कर/माल कर अधिकारी विवेक सिंह अपनी टीम के साथ संडीला में बेनीगंज रोड पर स्थित एक धर्मकांटे के पास प्रवर्तन अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उधर से दो जेसीबी निकल रही थीं। इनको रुकने को कहा गया तो जेसीबी रुक गई। पुलिस को दी तहरीर के मुताबिक जेसीबी पर वर्ष 2018 से टैक्स बकाया है।
मौके पर कागज देखने पर पता चला कि इसका फिटनेस और बीमा भी नहीं है। जब इसको रोक लिया गया तो मौके पर मौजूद इसके चालक और मालिक अनुज जायसवाल ने प्रवर्तन टीम में शामिल एक सिपाही से हाथापाई और बदसलूकी की। इसी बीच दूसरी जेसीबी का चालक मौके से जेसीबी समेत चला गया। कोतवाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।