नुमाइश मैदान में श्री राम लीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। नुमाइश मैदान में बुधवार को रामलीला में जयंत उद्धार व अनुसुइया संवाद की लीला का मंचन हुआ। कलाकारों ने जयंत के किरदार को बड़े ही वास्तविक ढंग से प्रस्तुत किया। मंचन में उन्होंने जयंत द्वारा कौआ का वेश धर कर सीता जी को चोंच मारने। इसके बाद माता अनुसुइया द्वारा सीता जी को पतिव्रता धर्म का पालन करने की शिक्षा देने की लीला का मंचन किया।
मेला श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में संचालित रामलीला में कलाकारों ने दिखाया कि श्रीराम चित्रकूट वन में सीता जी का शृंगार चुन कर लाए गए फूलों से कर रहे हैं, जिसे जयंत की पत्नी देखती हैं।
वहां से आने के बाद वे जयंत को बताती हैं कि वह श्रीराम को अपनी पत्नी का शृंगार करते देखने का आनंद लेकर आईं हैं। इस पर जयंत भगवान की परीक्षा लेने पहुंच जाता है। वह कौआ का रूप धारण कर सीता जी के चरणों में चोंच मार देता है। श्रीराम इस पर नाराज होकर तीर छोड़ देते हैं।
जयंत तीर से बचने के लिए तीनों लोकों में दौड़ लगाता है, लेकिन उसकी रक्षा कोई नहीं कर पाता। अंत में श्रीराम के चरणों में आने के बाद वह मात्र एक आंख फोड़ कर क्षमा कर देते हैं। इसके बाद अत्रि मुनि के आश्रम की कथा शुरू होती है। माता अनुसुइया पतिव्रता का धर्म निभाने की शिक्षा सीता जी को देती हैं। दूसरी ओर रामलीला पंडाल में रासलीला के मंच में भी कलाकारों ने बड़े ही भावपूर्ण लीला का मंचन किया। इस दौरान आयोजक राम प्रकाश शुक्ला, संयोजक कृष्ण अवतार दीक्षित आदि मौजूद रहे।