टोडरपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शुक्रवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत छात्रों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जूनियर स्कूलों के 150 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। निबंध, पोस्टर व विज्ञान एवं गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्रों ने प्रतिभा दिखाई। निबंध में जावेद प्रथम रहे।
विज्ञान एक वरदान शीर्षक निबंध प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठिला के जावेंद्र कुमार को प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय शिरोमणि नगर के रजत मिश्रा को द्वितीय, भदेउनी के रजनीश कुमार को तृतीय और सिकंदरपुर बाजार की शिवांशी गुप्ता समेत उच्च प्राथमिक विद्यालय धनवार की सुनैना को सांत्वना पुरस्कार मिला।
खंड शिक्षा अधिकारी आरपी त्रिपाठी ने विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित पांडेय, मंत्री रूपेश अवस्थी, संजय कुमार, मनोज मिश्रा, उमेश शर्मा, शिवराम शर्मा, अभिनव, सुनील कुमार, अनिल व अदिति आदि मौजूद रहीं।