हरदोई। शहर के मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। कान्हा की आरती और अच्चुतम केशवं कृष्ण दामोदरं भजन पर भक्त झूमते नजर आए। शंख, घंटा और घड़ियाल के बीच कन्हैया ने जन्म लिया।
भक्तों ने बड़े श्रद्धाभाव से कृष्ण जन्म के उपलक्ष्य में उपवास रखकर सुख समृद्धि, शांति और संपन्नता के लिए पूजन किया। लखनऊ चुंगी स्थित श्री राम जानकी मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महाभिषेक दूध, दही, घी, शहद चीनी और पंचामृत से किया। पूजन और महाआरती राकेश अग्रवाल और मीरा अग्रवाल ने की। पूजन आचार्य मैथिली शरण शास्त्री ने कराया।
इस अवसर पर भगवान का भव्य शृंगार किया गया। भजनों से पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय हो गया। रात के 12 बजते ही घंटा घड़ियाल नगाड़े आदि बजने लगे। महाआरती के बाद प्रगट भये गोपाला दीनदयाला जसुमति के हितकारी की स्तुति हुई। इस अवसर पर राकेश अग्रवाल, हरिओम गुप्त, वेद प्रकाश गुप्ता, हरि श्याम गुप्ता आदि मौजूद रहे।
हरदोई। शहर के राम जानकी मंदिर के अलावा पुलिस लाइन मंदिर, काशी नाथ मंदिर, मौनी बाबा मंदिर, तुरंत नाथ मंदिर, शिव भोले मंदिर, काशीनाथ गेस्ट हाउस सहित समस्त मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्म बड़े ही श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आरती और पूजन कर प्रसाद बांटा।
मल्लावां/संडीला। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कस्बे से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी हर्षोल्लास से मनाया गया। संडीला में गौसगंज मार्ग पर स्थित श्री साईं धाम में गुरुवार को जन्माष्टमी मनाई गई। इस अवसर पर समाज सेविका एवं मंदिर सहसंस्थापिका सुनीता सिंह राठौर, आरएस राठौर उर्फ राजू भईया, देवी प्रकाश मिश्रा, संजय जायसवाल, संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
मल्लावां/संडीला। टीआरएस कान्वेंट स्कूल में भी श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर ऑनलाइन प्रतियोगिता में छात्रों ने राधा कृष्ण की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की। डायरेक्टर डॉ. विभा सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्री प्राइमरी में बेस्ट राधा प्रतियोगिता में केजी की छात्रा रीतिका सिंह प्रथम, नर्सरी की धनिष्ठा गुप्ता द्वितीय, बेस्ट जोड़ी राधा कृष्ण प्रतियोगिता में प्रबुद्ध तिवारी व प्रशस्ति तिवारी, प्राइमरी सेक्शन में बेस्ट कृष्ण व राधा प्रतियोगिता में देवांश मिश्रा प्रथम व अमीषा सिंह प्रथम रहीं।
फोटो-3-आरती के दौरान श्री रामजानकी मंदिर में खड़े श्रद्धालु। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-4-जन्माष्ष्टमी की श्री राम जानकी मंदिर परिसर में श्री कृष्ण के वेश में सजे बच्चे। संवाद- फोटो : HARDOI