हरपालपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी की किल्लत समेत अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर अमर उजाला में सोमवार के अंक में प्रकाशित खबर के बाद अस्पताल प्रशासन ने जनरेटर चलवाकर पानी की टंकी भरवाई, जिससे पानी आपूर्ति चालू हो सकी।
तीमारदारों ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की है। वहीं, अस्पताल परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को बदलवा कर बिजली आपूर्ति भी बहाल करा दी गई है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार वर्मा ने खंड विकास अधिकारी डॉ. संतोष वर्मा को पत्र लिखकर अस्पताल परिसर में लगे हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग की है।
वहीं, बंद पड़े सामुदायिक शौचालय के ताले भी खुलवा दिए गए हैं। अस्पताल परिसर में लगा 24 केवीए का ट्रांसफार्मर कई दिन से खराब था, जिससे पानी की सप्लाई न होने से पानी की टंकी खाली थी।
परिसर में एक भी हैंडपंप चालू हालत में न होने से तीमारदारों को काफी दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ता था। इससे अस्पताल भवन के शौचालय भी गंदगी से पटे पड़े थे।
सोमवार को पानी की आपूर्ति चालू होने के बाद शौचालयों की साफ-सफाई भी करा दी गई, जबकि परिसर में बने सामुदायिक शौचालय में ताला लगा था। सीएचसी के अधीक्षक ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही है।