फोटो-19- कटरा बिल्हौर मार्ग स्थिति चौधरियापुर में शव रखकर जाम लगाए परिजन। संवाद
- बुधवार को ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा चालक और मां-बेटी की हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
सांडी। मां-बेटी के शव रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने कटरा-बिल्हौर हाईवे पर चौधरियापुर मोड़ पर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक जमा लगा रहा है और इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम लगाने के दौरान ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों में धक्का-मुक्की भी हुई।
बृहस्पतिवार को चौधरियापुर मोड़ पर गांव निवासी प्रमोद की पत्नी सुधा और पुत्री महिमा के शव को रखकर लोगों ने जाम लगा दिया। जाम लगाए जाने के दौरान पुलिस ने शव उतारने से रोकने का प्रयास किया। जिससे पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों में धक्का-मुक्की भी हुई। सांडी सहित कई थानों से पुलिस फोर्स बुला लिया गया।
बिलग्राम तहसीलदार अमित यादव ने परिजनों को समझाया और बताया कि नियमानुसार मदद दिलाई जाएगी, इस पर लोग नहीं माने। बिलग्राम सीओ सुनील शर्मा ने लोगों को समझाया और कार्रवाई की चेतावनी दी, तब लोगों ने जाम खोल दिया। जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।
चौधरियापुर निवासी प्रमोद की पत्नी सुधा, पुत्री महिमा, पुत्र देव, प्रमोद के भाई महेश पाल की पत्नी सुधा और पुत्र शोभित के साथ बुधवार को ई-रिक्शा से फर्रूखाबाद अपने रिश्तेदारी जा रहे थे। हरपालपुर रोड पर बखरिया मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने मार दी थी। ट्रक में फंसकर ई-रिक्शा करीब 100 मीटर घिसटता चला गया था। जिसमें ई-रिक्शा चालक गुफरान, प्रमोद की पत्नी सुधा और पुत्री महिमा की मौत हो गई थी।
फोटो-23- सुधा। स्रोतः परिजन
महिला ने लखनऊ में तोड़ा दम, मृतकों की संख्या चार हुई
हरपालपुर रोड पर बखरिया मोड़ पर बुधवार को ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार घायलों में सुधा (45) पत्नी महेश पाल ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। दुर्घटना में घायल देव (12) और शाेभित (5) का उपचार चल रहा है। एक ही परिवार में चार लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। घरों में चूल्हा भी नहीं जले।