मल्लावां (हरदोई)। दिव्य आलोक सेवा फाउंडेशन के बैनर तले शिक्षाविद् शिवराज सिंह की स्मृति और डॉ. आलोक सिंह नीलू की पुण्यतिथि पर कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ।
कस्बे के जूनियर हाईस्कूल मैदान में हुए इस दौरान में प्रख्यात कवि डा. कुमार विश्वास की कविताओं और गीतों पर श्रोता झूम उठे। राधा-कृष्ण और प्रभु राम-सीता पर सुनाए गए गीतों ने लोगों को भाव विभोर कर दिया। श्रोताआें ने श्रीराम के जयकारे भी लगाए।
कवि सम्मेलन में कुमार विश्वास ने कहा कि पांच सदी के बाद भगवान राम को भव्य घर मिला। इस वापसी पर सीता के भावों को उन्होंने अपने शब्दों में प्रकट किया। उन्होंने पढ़ा कि चलो अब लौट चलें रघुराई, जन-जन के हित में इस निर्जन में हमने उमर खपाई...। इस गीत का समापन हम सबने अवधपुरी सजाई.. पंक्तियों से हुआ और पंडाल में मौजूद हजारों लोगों ने खड़े होकर न सिर्फ तालियां बजाईं, बल्कि जय श्रीराम के नारे भी लगाए।
कुमार विश्वास ने राधा और कृष्ण पर भी गीत सुनाया। उन्होंने पढ़ा कब तक गीत सुनाऊं राधा, मथुरा छूटी, द्वारिका इंद्रप्रस्थ ठुकराऊं, बंशी छूटी गोकुल छूटा कब तक चक्र उठाऊं...।
इसके बाद कवि गजेंद्र प्रियांशु ने सुनाया कि वह थी झूठी मगर इतनी झूठी न थी, पर कई दिन हुए मुझसे रूठी न थी। रश्मि शाक्य ने सुनाया अपना घर द्वार अपना पता छोड़कर, स्वर्ग के वैभवों की छटा छोड़कर, जब भागीरथ ने मुझको पुकारा यहां, मैं चली आई यहां शिव की जटा छोड़कर..।
कानपुर के हेमंत पांडेय ने हास्य व्यंग्य की कविताएं सुनाईं। इससे पहले दिव्य आलोक सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष सिंह आशू और उनके भाई आईएएस अफसर डा. गौरव सिंह ने परिवार सहित डॉ. कुमार विश्वास का स्वागत किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक, मिश्रिख सांसद अशोक रावत, सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, चरखारी विधायक ब्रजभूषण सिंह, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, उन्नाव भाजपा के जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, डीएम एमपी सिंह, एसपी केसी गोस्वामी, डॉ. सीपी कटियार आदि मौजूद रहे।