फोटो-50- रेल क्रासिंग पर लगा जाम
- फोटो : HARDOI
कछौना। बालामऊ रेलवे क्रासिंग के बीच रविवार को दो मालगाड़ियां खड़ी हो गईं। इससे क्रासिंग के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। इस जाम में गर्भवती महिला को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस दो घंटे तक फंसी रही। इस दौरान महिला प्रसव पीड़ा के चलते एक घंटे तक एंबुलेंस में पड़ी तड़पती रही। दोनों मालगाड़ियों के गंतव्य को रवाना होने के बाद क्रासिंग खुली। तब जाम खुलने पर एंबुलेंस महिला अस्पताल पहुंचा सकी।
बालामऊ स्टेशन अधीक्षक एसए हैदर ने बताया कि लखनऊ के आलमनगर क्षेत्र में रेलवे टैंक बदलने का काम अपने अंतिम चरण में चल रहा है। इसकी वजह से दलेल नगर रेलवे और बालामऊ रेलवे क्रासिंग घंटों बंद रही। इससे क्रासिंग के दोनो ओर लंबा जाम लग गया। दोनंों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान लखनऊ से हरदोई और हरदोई से लखनऊ की तरफ जा रही मालगाड़ी क्रासिंग के बीच में खड़ी हो गईं।
जाम में गर्भवती महिला को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। इस दौरान महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। वह करीब एक घंटे तक दर्द से तड़पती रही। दोनों मालगाड़ियों के गंतव्य को रवाना होने के बाद क्रासिंग खुली। तब जाम में फंसे वाहन एक-एक कर आगे बढ़ सके। जाम खुलने पर एंबुलेंस चालक प्रसव पीड़ा की तड़प रही महिला को अस्पताल पहुंचा सका। वहां डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया।