हरदोई। बृहस्पतिवार को उद्योग और व्यापार बंधु की बैठक में उद्यमियों ने क्षतिग्रस्त पिहानी-बूढ़ागांव-कुल्हाघाट मार्ग का मुद्दा उठाया।
पीडब्लयूडी के सहायक अभियंता मार्ग के संंबंध में सही जानकारी भी नहीं दे पाए। उद्यमियों ने बिजली कटौती का भी मुद्दा उठाया। इस पर बिजली विभाग और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक कराए जाने का निर्णय लिया गया।
स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की। कहा कि निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समय से अधिकारी निस्तारण सुनिश्चित करें। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता की ओर से पिहानी-बूढागांव-कुल्हाघाट मार्ग की सटीक जानकारी न होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। कहा कि उद्योगों की भूमि संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाए। उद्योग प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद किया जाए।
बिजली विभाग व उद्योग प्रतिनिधियों की अलग से बैठक करा ली जाए। उद्यमी नवल माहेश्वरी ने माधौगंज के उद्योगों की बिजली की समस्या के समाधान में प्रशासन के योगदान के लिए आभार जताया और डीएम को गोबर से बनी एक गो-मूर्ति भेंट की। समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि नगर की टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाए। सभी हैंडपंपों का प्लेटफार्म बनवाया जाए। बैठक में एसपी नीरज कुमार जादौन, सीडीओ सौम्या गुरूरानी, एडीएम प्रियंका सिंह सहित अधिकारी, उद्यमी और व्यापारी मौजूद रहे।