हरदोई। जनपद में निवेश की संभावनाओं को देखते हुए बुधवार को हुई इंवेस्टर्स मीट-2023 में 4,150 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 104 उद्यमियों एवं व्यवसायियों ने प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उद्यमियों ने जिले में औद्योगिक
विकास के लिए बेहतर माहौल, सुरक्षा प्रदान करने की बात कही।
जेके ग्रैंड रिसॉर्ट में हुए समिट में उद्यमियों व व्यवसायियों को वीडियो क्लिप के माध्यम से जानकारी दी गई। समिट में आए 104 उद्यमियों में से ज्यादातर ने यहां पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने में अधिक रुचि दिखाई। इसी के साथ प्लाईवुड एवं लेमिनेटड शीट, राइस मिल और फ्लोर मिल, रेडीमेड गारमेंट निर्माण इकाई, एग्रो बेस्ड इंडस्ट्रीज, ऑटोमोबाइल्स से जुड़े कार्यों के प्रस्ताव रखे गए।
इसके अलावा सेफ्टी इक्वीपमेंट उत्पाद इकाई की स्थापना के साथ ही अन्य लघु उद्योग की स्थापना के लिए 4,150 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्रस्ताव रखा।
समिट के मुख्य अतिथि आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने कहा कि यहां पर उद्यम के विकास के लिए जरूरी बेहतर माहौल के साथ ही श्रमिक, उपभोक्ता और बाजार उपलब्ध है। एयर और रोड कनेक्टिविटी भी बेहतर है। विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि पीएम और सीएम की मंशा है कि औद्योगिक निवेश से युवाओं को रोजगार का मौका मिले।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने प्राइवेट टेक्सटाइल पार्क के विकास पर जोर दिया। अवध प्रांत लघु उद्योग भारती की अध्यक्ष रीता मित्तल ने कहा कि समस्या होने पर उद्यमी समाधान पोर्टल पर जरूर शिकायत दर्ज कराएं।
सांसद जय प्रकाश रावत ने कहा कि माहौल बदला है और प्रदेश में निवेश के लिए उद्यमी आगे आए हैं। एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि उद्यमियों की समस्याओं को प्रशासन के साथ मिलकर दूर कराएंगे। एमएलसी अशोक अग्रवाल ने कहा कि निवेश की और भी संभावनाएं हैं। बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा ने कहा कि औद्योगिक इकाई से क्षेत्र का विकास होता है।
इंवेस्ट यूपी के कंसलटेंट नीरज आद्या ने उद्यमियों को निवेश और इसकी प्रक्रिया की जानकारी दी। इन डीसीएम श्रीराम ग्रुप हरियावां के महाप्रबंधक प्रदीप त्यागी ने चीनी मिलों की ओर से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। डीएम एमपी सिंह ने यहां की औद्योगिक विकास की रिपोर्ट को प्रस्तुत करते हुए स्वागत और आभार व्यक्त किया। संचालन आनंदी अग्रवाल एवं मनीष मिश्रा ने किया।
डीएम ने बताया कि अब तक प्राप्त निवेश के प्रस्ताव में हरदोई के 46 उद्यमियों ने 325.50 करोड़, यूपी के बाहर के 41 उद्यमियों ने 973.34 करोड़, अन्य राज्यों के 17 उद्यमियों ने 2850.82 करोड़ और प्रवासी भारतीय अभिषेक विक्रम सिंह ने एक करोड़ का निवेश शामिल हैं। अभिषेक विक्रम सिंह ने ऑनलाइन मीट में प्रतिभाग किया और आम के कारोबार को विदेशों में प्रोत्साहित करने की भी बात कही।
डीएम एमपी सिंह ने मीट में जानकारी दी कि वर्ष 2017 तक हरदोई में 4281 इकाईयां थी और 642.59 करोड़ रुपये का निवेश था। यहां पर बेहतर माहौल, सुरक्षा और कार्यों के चलते उद्यमियों ने निवेश में रुचि दिखाई। वर्ष 2022 में इकाईयों की संख्या 8084 और 3026.50 करोड़ रुपये निवेश हुआ है और 43773 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
डीएम ने बताया कि यहां पर डीसीएम श्रीराम ग्रुप ने तीन चीनी मिल व सहयोगी इकाईयों में 1330 करोड़, हल्दीराम स्नैक्स मैन्युफैक्चरिंग ने 510 करोड़, ग्रीन प्लाई ने 350 करोड़, ओएमसी पॉवर लिमिटेड ने 220 करोड़ और ताजपुरिया पैन्लस लिमिटेड ने 110 करोड़, बीटूसी फ्यूल्स ने 66 करोड़ का निवेश कर रोजगार दिया है।