फोटो-03- एसपी कार्यालय में शिकायत करने जाती महिलाएं
- फोटो : HARDOI
हरदोई। रोजगार देने के नाम पर करीब 400 महिलाओं से चार लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने एसपी ऑफिस पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
शहर के शुगर मिल कॉलोनी निवासी जीतू शर्मा पत्नी जय शर्मा ने महिलाओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। आरोप है 16 अगस्त 2022 को एक एनजीओ के नासिर सिद्दीकी से बात हुई। इसके बाद उसने संस्था के माध्यम से महिलाओं को रोजगार देने का भरोसा दिलाया और अगरबत्ती का कार्य देने की बात कहते हुए प्रति महिला से 1160 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर लिए।
लगभग 400 महिलाओं ने उसको रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर रुपये दिए हैं।
इसके बाद से संस्था के लोग सिर्फ आश्वासन ही देते चले आए हैं और उनका पैसा भी वापस नहीं कर रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों ने अपने नंबर बंद कर लिए।
पीड़ित महिलाओं ने पूरे मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की। सीओ बघौली विकास जायसवाल ने बताया कि कई महिलाएं आई थी। शिकायती पत्र मिला है पूरे प्रकरण में जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।