हरदोई। भाजपा नेता पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने मंगलवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में अतिवृष्टि और बाढ़ से हुए नुकसान पर चिंता जाहिर की। कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर प्रभावित किसानों को ब्याजमुक्त ऋण दिलाने की सिफारिश करेंगे।
पूर्व सांसद ने युवाओं के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। कहा कि यह दुर्भाग्य है कि कई बड़े नेता अभी जनता की नब्ज नहीं पकड़ पाए हैं। युवाओं को पकौड़ा तलने, ई-रिक्शा या ऑटो चलाने जैसी सलाह दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को रोजगार देने की बात कही है। नौजवानों को आगे बढ़ाया जाएगा, इसलिए उन्हें पकौड़ा तलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। देश के निर्माण में युवाओं को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। बड़ी संख्या में जेन-जी के जुटने से यह भी स्पष्ट है कि युवा अपनी भूमिका चाहते हैं। कहा कि मेरा सपना है कि युवा राजनीति में आगे बढ़ें और सरकारों को भी समझना होगा कि युवाओं की उपेक्षा नहीं की जा सकती। ब्रिक्स सम्मेलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्व के देशों में लोकप्रियता साबित हुई है।
विधानसभा चुनाव और लखनऊ खंड के स्नातक-शिक्षक क्षेत्र के चुनाव से जुड़े सवाल पर कहा कि जेन-जी प्रकरण, नीट, परीक्षा पत्र और युवाओं पर लाठीचार्ज जैसे मामलों को लेकर सभी विधायकों और सांसदों की जिम्मेदारी है और उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पहली बार जनता की आलोचना का बिंदु बना है। आयोग को सोचना चाहिए कि आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं। हालांकि भाजपा और मुख्यमंत्री आरोपों को झूठा बता चुके हैं।