मल्लावां। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर बस और बोलेरो की भिड़ंत के बाद चीख पुकार मच गई। रात होने के कारण फौरी तौर पर मौके पर कोई नहीं था, लेकिन पीछे से दूसरी कार से आ रहे बराती मंजर देखकर दहल गए। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। बोलेरो सवार कुल नौ लोगों में से पांच की मौत हो चुकी थी। इनमें से तीन महिलाओं की गोद में घायल बच्चे बिलख रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इन बच्चों को निकलवाया और सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी से डा. जितेंद्र पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों समेत सभी घायलों को लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र जब मौके पर पहुंचे तो सीओ बिलग्राम सुनील कुमार शर्मा, मल्लावां थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद थे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद बोलेरो में फंसे शवों को निकालने की मशक्कत भी लगभग एक घंटे तक चली। दरअसल बोलेरो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और एक तरफ से पीछे तक दबता चला गया। इसी के बीच में बैठी महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई।