जिला विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को जनपद की डी रैंकिंग में
सुधार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सेक्रेटरियों पर हुई एफआईआर की भी
जानकारी मांगी है। उन्होंने अधूरे आवासों को पूरा करने के साथ ही आख्या भी
तलब की है।
विकास भवन सभागार में शुक्रवार को खंड विकास अधिकारियों
के साथ जिला विकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्र ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने
जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों को योजनाओं में प्रगति बढ़ाने के निर्देश
दिए। साथ ही जनपद की रैंकिंग बढ़ाने के लिए भी कहा।
बताया कि जनपद
रैंकिंग में अभी भी डी स्थान पर है, जो ठीक नहीं है। इसमें सुधार लाने की
जरूरत है। सीबीआई द्वारा मनरेगा के मांगे गए अभिलेखों को न दिए जाने पर 104
ग्राम पंचायत और विकास अधिकारियों पर की गई एफआईआर की रिपोर्ट खंड विकास
अधिकारियों से मांगी।
इसके अतिरिक्त श्रमिकों के लंबित भुगतान और
वित्तीय वर्ष 2013-14 तथा 2014-15 में प्रदर्शित अवशेष पाइप लाइन के भुगतान
के भी निर्देश दिए। इसके अलावा आवास और शौचालयों सहित समूह गठन और मनरेगा
में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने को भी कहा गया। बैठक में सभी खंड विकास
अधिकारी मौजूद रहे।