फोटो- 21- व्यापारी ऋषभ अवस्थी। संवाद
हरदोई। महंगाई के असर से फाइव जी स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हो रहा। कीमतें बढ़ने के बावजूद बेहतर इंटरनेट स्पीड, एआई फीचर और कैमरा क्वालिटी की चाहत में लोग बड़ी संख्या में नए फाइव जी मोबाइल खरीद रहे हैं। इसका असर यह है कि शहर के मोबाइल बाजार में एक बार फिर कारोबार तेज हो गया है।
युवा वर्ग अब फोर जी की बजाय सीधे फाइव जी हैंडसेट खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसका असर मोबाइल बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। शहर की प्रमुख मोबाइल दुकानों पर 15 हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक के मोबाइल की आकर्षक रेंज उपलब्ध है। लोगों में फाइव जी मोबाइल को लेकर क्रेज बढ़ा है तो वैश्विक हालातों के चलते फाइव जी मोबाइल के दाम भी बढ़ गए हैं। बीते कुछ महीनों में प्रमुख कंपनियों ने अपने फाइव जी स्मार्टफोन की कीमतों में 500 से 3000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है।
दुकानदारों का कहना है कि चिपसेट, डिस्प्ले और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की लागत बढ़ने से दाम बढ़ाने पड़े हैं। हालांकि इस के बाद भी ग्राहकों की मांग बनी हुई है।
आसान ईएमआई ने बढ़ाए खरीदार व कारोबार
शहर के प्रमुख मोबाइल विक्रेता ऋषभ अवस्थी ने बताया कि पहले ग्राहक फोन खरीदने से पहले बजट देखते थे लेकिन अब फाइव जी नेटवर्क के विस्तार से फाइव जी फोन खरीदना पसंद करते हैं। कारोबारी राहुल वर्मा ने कहा कि बैंक ऑफर, नो-कॉस्ट ईएमआई और एक्सचेंज स्कीम के चलते बिक्री में करीब 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसी कई निजी कंपनियां भी हैं जो आसान किस्तों पर मोबाइल खरीदने का मौका दे रही हैं। आसान किस्त देकर आठ से 10 महीने में महंगे से महंगा मोबाइल भी खरीदा जा सकता है।
फोटो- 21- व्यापारी ऋषभ अवस्थी। संवाद