कोहरे से ट्रेनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक अब हट गया
है। मौसम साफ होते ही ट्रेनें समय से स्टेशन पर पहुंचने लगी हैं। हालांकि,
इक्का दुक्का ट्रेनें लेट हैं, पर अन्य ट्रेनें समय से पहुंची। जिससे
यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। हालांकि कोहरे की वजह से कुछ ट्रेनें अभी
भी निरस्त हैं जबकि कुछ कोहरे के दौरान अस्थायी ढंग से निरस्त की गई,
जिनके यात्रियों ने अब रिफंड ले लिया।
निरस्त ट्रेनों के कारण यात्री तो
परेशान हुए ही रेलवे को भी राजस्व का नुकसान हुआ। सर्दी के परवान चढ़ते ही
मौसम पर कोहरे की मार शुरू हो गई। वहीं इसके बाद बारिश हो गई, जिससे
ट्रेनों की संचालन की स्थिति खस्ताहाल हो गई। बीते कुछ दिनों से अप और डाउन
रूट की लगभग सभी ट्रेनें घंटों की देरी से संचालित हो रहीं हैं और इससे
यात्रियों को परेशानी होनी उठानी पड़ी।
इतना ही नहीं कोहरे में अधिक समय तक
लेट होने से कुछ ट्रेनों को निरस्त भी करना पड़ा। जिसमें जनता एक्सप्रेस,
इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस तो अभी तक निरस्त हैं, जबकि सोमवार को अप रूट
की सद्भावना एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया। इससे आरक्षित
यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कताें का सामना करना पड़ा।
आरक्षण करवा चुके
यात्रियों को जहां एक ओर अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ गई, वहीं रेलवे को भी
रिफंड करना पड़ा। ऐसे में विभाग को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा है।
ज्ञात हो कि बीते कुछ दिनों में भी निरस्त हुई ट्रेनों के सैकड़ों आरक्षण
निरस्त हुए हैं जिनसे विभाग को काफी नुकसान हुआ। हालांकि, अब मौसम में
सुधार हुआ है। सोमवार को खिली धूप होने से ट्रेनों का संचालन पटरी पर आया
है।