पाली। मोहल्ला बाजार के मुख्य मार्ग की दशा जल्द ही सुधर जाएगी। नगर पंचायत ने मार्ग बनवाए जाने की तैयारी की है। करीब एक साल से जर्जर सड़क से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ला बाजार की मुख्य सड़क खराब होने और लोगों को हो रहीं दिक्कतों को नगर पंचायत ने संज्ञान लिया है। सड़क पर गड्ढे व टूट-फूट के कारण न केवल पैदल चलना मुश्किल हो गया, बल्कि वाहन चालकों को भी जोखिम उठाना पड़ता है।
अमर उजाला ने इस समस्या को 14 दिसंबर के अंक में ‘100 मीटर की सड़क पर 30 से अधिक गड्ढे, चलना दूभर’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। नगर पंचायत के जिम्मेदारों ने खबर का संज्ञान लिया। सड़क बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। करीब छह लाख रुपये से सड़क बनवाई जाएगी।
मार्ग बन जाने से मोहल्ला बिराहना, रामनगर, मालिकाना, इमामचौक आदि मोहल्ले के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। नगर पंचायत ने इस मार्ग के साथ ही अन्य कुछ मार्गों को भी बनवाने के लिए शामिल किया है। ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने बताया निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निविदा में करीब एक माह का समय लगेगा। इसके बाद काम शुरू कराया जाएगा।
नाली निर्माण व जल निकासी का भी होगा काम
कस्बे के 12 मोहल्लों में सड़क व नाली निर्माण और जल निकासी का कार्य भी कराया जाएगा। नगर पंचायत इन कामों पर करीब 64 लाख, 73 हजार, 676 रुपये खर्च करेगी।
अंत्योष्टि स्थल के लिए भूमि चिह्नित
कस्बे में अंत्योष्टि स्थल के निर्माण कार्य की भी राह अब साफ हो गई है। लंबे समय से कस्बे के लोग अंत्योष्टि स्थल की मांग कर रहे थे। नगर पंचायत ने वार्ड संख्या-6 आजाद नगर-सरायं सैफ पंचशाला में भूमि चिह्नित की है। वहां पर करीब 28 लाख, 79 हजार रुपये से अंत्योष्टि स्थल बनवाया जाएगा।