निरीक्षण भवन के सामने अवैध मकानों को गिराता नगर पालिका का बुलडोजर। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर में निरीक्षण भवन के सामने स्थित तालाब के सुंदरीकरण के लिए मंगलवार को नगर पालिका ने आसपास कब्जा कर बनाए गए 11 आवासों को ढहा दिया। ईओ ने कहा कि नाले का निर्माण तालाब के इर्द गिर्द करवाया जा रहा है।
शहर के चार तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाना है। इसको लेकर डीएम पुलकित खरे ने जल्द कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। चारों तालाबों के आसपास नाले का निर्माण कराया जा रहा है। ईओ नगर पालिका रविशंकर शुक्ला ने बताया कि निरीक्षण भवन के सामने का नाला बीच शहर में आता है। निरीक्षण भवन के पास ही तालाब है। इसको मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके कारण आसपास कब्जा किए लोगों को हटा दिया गया है। अतिक्रमण हटाने के दौरान एक पक्के मकान वाले ने पहले स्टे होने का दावा किया लेकिन वह कागज नहीं दिखा पाया। जिसके बाद उसके मकान को भी जमींदोज कर दिया गया। सभी परिवारों को पूर्व मेें ही सूचना दे दी गई थी। जिसके बाद कई परिवार अतिक्रमण हटवा चुके थे। शेष अतिक्रमण को नगर पालिका ने तुड़वा दिया। ईओ ने बताया कि नाले का निर्माण पूरा होते ही तालाब को खाली कराया जाएगा। इसके बाद सुंदरीकरण करवाया जाएगा। 15 दिन में काम पूरा होने की उम्मीद है।
कांशीराम कालोनी में आवंटित किए आवास
जमींदोज किए गए घरों में पहले अधिकांश सफाई कर्मचारी ही रह रहे थे। ईओ का कहना है कि इन सभी को कांशीराम कालोनी में कमरे आवंटित किए जा चुके हैं। जहां अधिकांश परिवार अपना सामान भी पहुंचा चुके हैं। ईओ ने बताया कि गुंजन देवी, रेनू, लक्ष्मी, रज्जनलाल, मुन्ना, सोनी देवी, शीला, विजय, मुकेश, अजय कुमार को कांशीराम कालोनी में आवास आवंटित करा दिया गया है। तालाब के इर्द गिर्द ये सभी नजूल की भूमि पर कब्जा कर रह रहे थे।
बारिश में भीगी गृहस्थी तो छलके आंसू
एक दो परिवार ऐेसे भी रहे जो अपनी गृहस्थी कालोनी में नहीं ले जा सके। दोपहर बाद हुई बारिश में जब उनका सामान भीग गया तो परिजनों के आंसू छलकते नजर आए।